स्वयंसेवकों में संगठन कौशल विकसित करने का माध्यम है प्रशिक्षण वर्ग : निंबाराम

0

जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र के कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम का सोमवार को राजापार्क में औपचारिक उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर संघ के राजस्थान क्षेत्र प्रचारक निंबाराम ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग स्वयंसेवकों में नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल और दायित्व की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्ग का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि स्वयंसेवकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं का निर्माण करना है।

निंबाराम ने कहा कि शाखा संघ कार्य का आधार है तथा शाखा के माध्यम से व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास होता है। शाखा व्यक्ति निर्माण का माध्यम है और व्यक्ति निर्माण से ही समाज एवं राष्ट्र का निर्माण संभव है। स्वयंसेवकों को समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ आत्मीयता और समरसता का भाव रखते हुए कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता का जीवन सरल, विनम्र, अनुशासित और समाजहितकारी होना चाहिए। संगठन कार्य में अहंकार का कोई स्थान नहीं है, बल्कि सभी को साथ लेकर चलने की भावना आवश्यक है। स्वयंसेवकों को कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और सकारात्मक सोच बनाए रखते हुए अपने आचरण से समाज में विश्वास उत्पन्न करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि 20 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में खेल, गीत, प्रार्थना, व्यायाम और बौद्धिक सत्रों के माध्यम से स्वयंसेवकों के सर्वांगीण विकास का प्रयास किया जा रहा है। वर्ग में अनुशासन, सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के संस्कारों को व्यवहार में उतारने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उद्घाटन सत्र में उपस्थित स्वयंसेवकों से निंबाराम ने राष्ट्र निर्माण के कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज को संगठित और संस्कारित बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र में 12 स्थानों पर 14 प्रशिक्षण वर्ग आयोजित हो रहे है। इनमें 10 संघ शिक्षा वर्ग, तीन घोष वर्ग और एक कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम शामिल है। इन वर्गों में विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, तरुण तथा विभिन्न व्यवसायों से जुड़े स्वयंसेवक प्रशिक्षण ले रहे हैं।

राजस्थान क्षेत्र का कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम (सामान्य) जयपुर के राजापार्क में आयोजित हो रहा है। यह वर्ग 7 जून तक चलेगा। इसमें राजस्थान क्षेत्र के 279 स्वयंसेवक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वर्ग में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले, सह सरकार्यवाह आलोक कुमार सहित अखिल भारतीय एवं क्षेत्रीय स्तर के अधिकारियों का प्रवास होगा।