डूंगरपुर/जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला के सर्वांगीण विकास के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा है और केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से महिलाएं सशक्त बन रही हैं।
शर्मा गुरुवार रात डूंगरपुर जिले के धम्बोला गांव में ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, घर-घर शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना में गैस सिलेण्डर एवं हर घर नल से जल योजनाओं के जरिए महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा दिया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी पात्रों को लाडो प्रोत्साहन योजना का लाभ पहुंचा रही है। बालिकाओं को अच्छी शिक्षा के लिए स्कूटी एवं साइकिलों का वितरण किया गया है। गर्भवती महिलाओं को मा वाउचर योजना के जरिए लाभान्वित किया जा रहा है। आशा सहयोगिनियों के मानदेय में वृद्धि की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान में राजीविका के माध्यम से 22 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है वहीं 17 लाख महिलाओं के लखपति दीदी बनने से वे आर्थिक रूप से सशक्त भी बनी हैं। उन्होंने कहा कि राजीविका बहनों के लिए हमारी सरकार ने लखपति दीदी योजना में ऋण की सीमा को बढ़ाकर 1.5 लाख रुपए एवं ब्याज दर 2.5 प्रतिशत से घटाकर 1.5 प्रतिशत वार्षिक किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर उपलब्ध करवा रही है। प्रदेश में युवाओं को चार लाख सरकारी नौकरी देने के वादे को पूरा करने के क्रम में सवा लाख से अधिक पदों पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए हैं। सवा लाख पदों पर भर्ती परीक्षाओं का कलेण्डर जारी किया है, वहीं 1 लाख 35 हजार पदों पर भर्ती परीक्षाएं भी प्रक्रियाधीन हैं। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकाल में सभी भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से पूरी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में भी अब तक तीन लाख से अधिक रोजगार उपलब्ध कराएं है। युवाओं को स्वरोजगार के लिए भी राज्य सरकार पूर्ण सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत पांच रुपये प्रति लीटर का अनुदान दे रही है। इस योजना से बड़ी संख्या में महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम की पहल की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सीएलएफ ओबेरी एवं पुनाली की महिलाओं को कस्टम हायरिंग सेंटर्स के तहत राज्य सरकार की ओर से अनुदान पर उपलब्ध हुए ट्रैक्टर्स मय थ्रेसर की चाबियां सौंपी। उन्होंने स्वयं सहायता समूहो से जुड़ी गायत्री निनोमा, सुगना रोत, सीता हड़ात, माया कटारा, हंसा खराड़ी से संवाद किया।
वहीं, वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के लाभार्थियों से भी बातचीत की। शर्मा ने राजीविका महिला स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न योजनाओं में पांच करोड़ 51 लाख रुपये एवं एक करोड़ रुपये का ऋण चैक सौंपा। साथ ही उन्होंने लखपति दीदी योजना के तहत डेटा सखी भगवती एवं पोषण सखी टीना को टेबलेट भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में लाभार्थियों से संवाद भी किया जिसमें लाभार्थी रमीला परमार ने कहा कि कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से जरूरतमंद किसानों को ट्रैक्टर की सुविधा मिल सकेगी। इससे हमारे क्लस्टर की आय भी बढ़ेगी और समूह से जुड़ी महिलाएं आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त होंगी। गंगा देवी पाटीदार ने कहा कि उनका पुत्र तो उन्हें तीर्थ यात्रा नहीं करवा पाया लेकिन मुख्यमंत्री ने बेटा बनकर हमारा तीर्थ का सपना पूरा कर दिया।
इस अवसर पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबू लाल खराड़ी, विधायक शंकरलाल डेचा, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।



