नई दिल्ली। एयर इंडिया के एक विमान के इंजन में गुरुवार रात को आग लगने के कारण पूर्ण आपात स्थिति में दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा गया। आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।
यह उड़ान संख्या एआई2802 बेंगलुरु से दिल्ली आ रही थी। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दिल्ली में अंतिम चरण के लैंडिंग एप्रोच के दौरान पायलट को इंजन में आग का सिग्नल मिला था। बाद में पता चला कि इंजन में सचमुच आग लगी है।
प्रवक्ता ने कहा कि चालक दल के सदस्यों ने सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया और विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और सामान्य रूप से विमान से उतर गये हैं।
सूत्रों ने बताया कि घटना रात नौ बजे से 10 बजे के बीच की है। विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल सकी है। प्रवक्ता ने बताया कि एयर इंडिया नियामकों के साथ मिलकर घटना के कारणों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा एयरलाइंस की पहली प्राथमिकता है।



