नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेत्री और मॉडल त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले का स्वतः संज्ञान लिया है और वह इस मामले की सुनवाई आगामी सोमवार को करेगा। न्यायालय ने जांच में संस्थागत पूर्वाग्रह और प्रक्रियात्मक विसंगतियों शीर्षक से यह मामला दर्ज किया है।
इस बेहद चर्चित मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ करेगी। इसमें न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि 33 वर्षीय त्विषा शर्मा का विवाह भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुआ था। विवाह के महज पांच महीने बाद 12 मई को वह भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गईं। त्विषा के परिवार ने दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।



