भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बहुचर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में रविवार को उनकी मौत के 12 दिन बाद भोपाल के भदभदा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले दिल्ली एम्स की विशेषज्ञ टीम ने भोपाल एम्स में उनका दोबारा पोस्टमार्टम किया।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार त्विषा के भाई मेजर हर्षित ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में परिचित मौजूद रहे। इससे पूर्व भोपाल एम्स में दिल्ली एम्स की फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने करीब तीन घंटे तक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की। टीम ने जांच के लिए नमूने, फोटोग्राफ और अन्य दस्तावेज अपने साथ लिए हैं।
नई दिल्ली एम्स के फॉरेंसिक मेडिसिन एवं टॉक्सिकोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने में अभी समय लगेगा, क्योंकि हिस्टोपैथोलॉजी और विसरा परीक्षण सहित कुछ प्रयोगशाला जांच शेष हैं।
गौरतलब है कि 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया है, जबकि मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है और सोमवार को चीफ जस्टिस की पीठ में सुनवाई प्रस्तावित है। वहीं भोपाल जिला न्यायालय ने आरोपी पति समर्थ सिंह को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजते हुए उसका पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए हैं।
इधर, त्विषा की सास गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत निरस्त करने संबंधी आवेदन पर भी सोमवार को सुनवाई होगी। राज्य सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने के लिए सहमति दे दी है।



