पूर्वी चंपारण में सामूहिक दुष्कर्म, 8 घंटे में सभी 5 आरोपी अरेस्ट

0

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र में रविवार रात हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज आठ घंटे के भीतर वारदात में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचनाओं (मिसिल तंत्र) के आधार पर रात भर ताबड़तोड़ छापेमारी की।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सटीक इनपुट के आधार पर कार्रवाई शुरू होने के महज दो घंटे के भीतर दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया गया। इसके बाद शेष तीन अन्य आरोपियों को भी देर रात तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, पुलिस हिरासत में लिए गए सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। मामले में स्पीडी ट्रायल (त्वरित सुनवाई) सुनिश्चित करने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों को पुख्ता करने में जुट गई है।

सूत्रों के अनुसार पीड़िता को तत्काल चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल जांच) के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेजा गया है। इसके साथ ही, घटनास्थल से महत्वपूर्ण फोरेंसिक सबूत एकत्र करने के लिए राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।