नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सीएनजी के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं।दिल्ली और आसपास के शहरों में सीएनजी की आपूर्ति करने वाली सिटी गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने मंगलवार से इसकी कीमत दो रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ा दी है।
दिल्ली में अब एक किलोग्राम सीएनजी की कीमत 83.09 रुपए हो गई है। पहले इसकी कीमत 81.09 रुपए प्रति किलोग्राम थी। दूसरे शहरों में भी सीएनजी के दाम में दो रुपए प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई है।
सीएनजी की कीमतों में इस महीने यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई और 23 मई को भी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने सीएनजी के दाम दो-दो रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ाए थे। इस प्रकार तीन बार में इसके दाम छह रुपये बढ़ गए हैं।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया संकट के बीच आपूर्ति बाधित होने से घरेलू बाजार में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की खुदरा कीमतों में लगातार वृद्धि की जा रही है। गत 15 मई से अब तक पेट्रोल की कीमत 7.35 रुपए और डीजल की 7.53 रुपए प्रति लीटर बढ़ाई गई है।



