भुवनेश्वर। ओडिशा के कालाहांडी जिले में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसे में एक गांव में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के भीतर फंसने से कम से कम छह लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना जिले के जहां मदनपुर-रामपुर ब्लॉक के तहत आने वाले गौड़ करलाखुंटा गांव में तब हुई जब पीड़ित मजदूर निर्माणाधीन ढांचे से शटरिंग की सामग्री हटाने के लिए उसके अंदर उतरे थे।
आशंका जताई जा रही है कि टैंक के भीतर ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस बनने के कारण उनका दम घुट गया। आनन-फानन में सभी पीड़ितों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने इस संबंध में अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और त्रासदी के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने एक बयान जारी कर मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।



