अलवर। राजस्थान में अलवर के अखेपुरा मोहल्ले में सोमवार आधी रात एक महिला ने परिवार के सोने के बाद अपने पेट में ब्लेड मार कर आत्महत्या कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात जब परिवार के अन्य लोग सो गए तो रात करीब 12 बजे महिला सीमा ने अपने पेट पर ब्लेड से वार कर लिया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। उसकी चीखें सुनकर परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने सीमा को मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। सीमा के परिजनों ने बताया कि सीमा की दो बार शादी हुई थी। पहली शादी जैसलमेर में हुई थी वहां वह छह महीने तक रही उसके बाद उसका पति से तलाक हो गया था।
सीमा की दूसरी शादी जयपुर में हुई जहां भी चार वर्ष पहले तलाक हो गया।इसके बाद से वह अलवर में अपने पीहर में रह रही थी। दोनों जगह तलाक होने के बाद वह अवसादग्रस्त हो गई थी। इसके बाद रात में सीमा ने मौका देखकर अपने पेट पर ब्लेड मारकर अपने आप को लहूलुहान कर लिया।



