जयपुर। राजस्थान में जयपुर जिले के चौमूं थाना क्षेत्र में हाड़ोता के पास बुधवार को टैंपो क्रूजर के ट्रक से टकरा जाने पर तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और आठ घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम मंदिर में दर्शन के लिए खाटूश्यामजी जा रहे इन लोगों का टैंपो क्रूजर जयपुर के चौमूं थाना क्षेत्र में सीकर बायपास हाड़ोता के पास बावरिया मोड़ पर ट्रक से टकरा गई और अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसी। ये महाराष्ट्र में परबनी जिले के हरगुण्ड गांव के रहने वाले बताये जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव एवं घायल लोगों को चौमूं अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने मृतकों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया और शाम दुर्घटना की सूचना मिलते ही वह लोकभवन से चौमूं स्थित आर के अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर के लिए रवाना हुए और अस्पताल जाकर घायलों की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने दुर्घटना में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।



