सहकारिता मंत्री गौतम दक के खिलाफ गाली गलौज, मारपीट का केस दर्ज

3

चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम दक के विरुद्ध चितौड़गढ जिले के डूंगला थाने में पुलिस से गाली गलौज, मारपीट का प्रयास एवं राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने का मामला थानाधिकारी ने दर्ज करवाया है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार देर रात थानाधिकारी डूंगला शैतान सिंह नाथावत ने यह मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि 25 मई को मंत्री गौतम दक भीड़ के साथ थाने आए और उन्होंने दो पुलिसकर्मियाें विष्णु और लक्ष्मीनारायण को बाहर बुलाकर उन पर रुपए मांगने का आरोप लगाते हुए बिना उनकी बात सुने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गाली गलौच देना शुरू कर दिया।

नाथावत ने बताया कि उन्होंने मंत्री को टोका तो मंत्री ने उन पर भी हाथ उठाकर मारपीट करने का प्रयास किया और नौकरी से हटाने की धमकी दी। पुलिस ने बताया कि नाथावत की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अब मामले की जांच अपराध जांच विभाग अपराधा शाखा करेगी।

उल्लेखनीय है कि मंत्री की गाली गलौज और हरकतों का एक वीडियो वायरल होने के बाद राजनीति गर्मा गई है, इससे दो महीने पहले चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभानसिंह ने भी एक परिवहन निरीक्षक से चालान बनाने पर मां बहन की गालियों के साथ धमकी दी थी।

उस मामले की भी सदर थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई थी, बाद में उक्त परिवहन निरीक्षक का सरकार ने ब्यावर तबादला कर दिया था। इसी तरह गत वर्ष बेंगू विधायक का भी एक वीडियो आया जिसमें वह कलेक्टर आलोक रंजन के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे थे।