कोटा : दो रेल पथ निरीक्षकों की निर्माणाधीन अंडरपास में मिट्टी ढहने से मौत

0

कोटा। राजस्थान में कोटा जिले के दरा रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को निर्माणाधीन अंडरपास में मिट्टी ढहने से उसमें दबकर दो रेल पथ निरीक्षकों की मौत हो गई।

रेलवे सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कल शाम अंडरपास के निर्माण के लिये काम चल रहा था। रेल पथ निरीक्षक संजय झा और प्रभात सिंह मौके पर थे। उसी दौरान गर्डर के पास वाली मिट्टी ढह गई। जिसमें दोनों निरीक्षकों की दम घुटने से मौत हो गई।

सू्त्रों ने बताया कि दोनों को तुरंत ही बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कोटा रेल मंडल के तमाम बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए और रेलगाड़ियों को धीमी रफ्तार से निकाला गया।

उल्लेखनीय है कि मुंबई-दिल्ली रेलवे लाइन को पार करने के लिए अब तक एक मात्र अंडर पास था जिस पर आये दिन जाम की स्थिति रहती है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रेल प्रशासन पर दबाव बनाकर पुराने अंडरपास के पास ही एक नया अंडरपास बनाने की योजना बनाई।

पिछले एक सप्ताह से इस जगह कार्य चल रहा था। सबसे पहले रेलवे ने अप और डाउन लाइनों पर ब्लॉक लेकर लोहे के गर्डर डाले। इस गर्डर के नीचे तीन सीमेंटेड ब्लॉक फंसाए जाने थे। जिन पर पिछले तीन दिनों से काम चल रहा था। इन्हीं गर्डर के नीचे डाली गई मिट्टी ढह गई।