हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के संडीला थाना क्षेत्र में इज्जत के नाम पर 19 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। समदखेड़ा गांव निवासी शुभी की मौत के मामले में उसकी मां मिथलेशा की तहरीर पर पुलिस ने हत्या और साक्ष्य नष्ट करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार युवती की मौत के बाद घटना को छिपाने के लिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था, जिसके बाद शिकायत मिलने पर मामले का खुलासा हुआ। इस मामले में पुलिस ने युवती के पिता चाचा और चाची समेत चार लोगो को गिरफ्तार किया है
पुलिस के मुताबिक समदखेड़ा के रामदयाल की पुत्री शुभी तीन-चार जून की रात बिना बताए घर से कहीं चली गई थी और सुबह करीब चार बजे वापस लौट आई थी। इस बात से नाराज परिजनों ने उससे पूछताछ की।
आरोप है कि पूछताछ के दौरान पिता, चाचाओं और चाची ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। युवती की मौत के बाद आरोपियों ने मामले को सर्पदंश अथवा आत्महत्या का रूप देने के लिए शव पर निशान बनाए और बिना पुलिस को सूचना दिए बाग में उसका अंतिम संस्कार कर साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया।
अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध कुमार गौतम ने बताया कि आज उसकी मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच और पूछताछ में घटना से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का पिता रामदयाल, चाचा मुनीश, चाचा सुरेश तथा चाची माधुरी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।


