विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड में सोमवार की शाम एक भीषण औद्योगिक हादसा हुआ। यहां स्टील मेल्टिंग शॉप (एसएमएस-2) में पिघला हुआ गर्म धातु रिसाव के कारण काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर गया, जिससे नौ श्रमिकों की मौत हो गई और 14 अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
विशाखापत्तनम स्टील प्लांट (वीएसपी) के यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि मशीनरी के रखरखाव को नजरंदाज किया गया था। प्रबंधन ने अभी तक किसी तरह की टिप्पणी नहीं की है और न ही कोई विस्तृत स्पष्टीकरण दिया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस हादसे में शोक व्यक्ति किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र में हुई दुर्घटना से व्यथित हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने घोषणा की कि प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया।
वहीं, मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने वीएसपी में हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने जिला अधिकारियों से बात की और उन्हें शोक संतप्त परिवारों और घायलों को हरसंभव मदद पहुंचाने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिघले हुए स्टील (जो 1500 डिग्री सेल्सियस गर्म था) को ले जा रही हॉट मेटल बाल्टी या लैडल (कड़ाही) संभवतः एक धमाके के कारण गिर गई, जिससे पिघला हुआ धातु जमीन पर काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर गया। हादसे के बाद घबराए हुए कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे।
आग बुझाने के लिए बड़ी संख्या में दमकल गाड़ियां प्लांट पहुंचीं। जख्मी लोगों को विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया। स्टील प्लांट में भारी अफरा-तफरी मच गई क्योंकि पिघला हुआ लोहा पूरे इलाके में फैल गया था।
मृतकों की पहचान अप्पा राव, प्रभाकर राव, कृष्णा, रमना, त्रिनाथ, अप्पाला राजू, गोल्ड कुमार, भानु कुमार और रामनाथ के रूप में हुई है। मृतकों में से छह नियमित कर्मचारी थे जबकि तीन संविदाकर्मी थे।
जख्मी लोगों को केजी अस्पताल और कुछ निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जख्मी कर्मचारियों में आर मल्लिकार्जुन राव, पी श्रीनिवास, अर्जुन अप्पा राव, सत्यानंद, सूरीबाबू और पैडी राजू का इलाज चल रहा है।
राज्य की गृह मंत्री वी अनीता ने सांसद भरत, जिला कलेक्टर एमए किशोर और अन्य अधिकारियों के साथ वीएसपी में दुर्घटना वाली जगह पहुंचे। अधिकारियों ने जख्मी और मृतक कर्मचारियों के परिवारों के मदद के लिए 089125 90100 और 089125 90102 नंबरों वाला एक कंट्रोल रूम बनाया।



