अजमेर। राजस्थान में अजमेर में पीने के पानी को लेकर मच रहे हाहाकार के खिलाफ अजमेर शहर जिला कांग्रेस समिति ने जलदाय विभाग के कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
शहर जिला अध्यक्ष पूर्व विधायक डॉ.राजकुमार जयपाल की अगुवाई में रैली के रूप में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप जलदाय विभाग के कार्यालय पर खाली मटके फोड़े और जोरदार नारेबाजी की।
जयपाल ने आरोप लगाया के बीसलपुर बांध का पानी अजमेर की प्यास बुझाने के लिए रखा गया था, लेकिन अधिकारियों की मनमर्जी से पानी का दोहन अजमेर के अलावा अन्य स्थानों पर कर दिया गया जिससे अजमेर में पेयजल किल्लत पैदा हो गई।
उन्होंने कहा कि शहरी इलाकों में पानी की आपूर्ति का अंतराल बढ़ने से गर्मी के बीच 72 से 96 घंटे के बीच बहुत ही कम दबाव से पानी दिया जा रहा है। इस कारण लोगों को पानी खरीदना पड़ रहा है।
इस मौके पर मौजूद पूर्व विधायक डॉ गोपाल भारती ने अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पानी का अंतराल अनियमित होने के बावजूद अधिकारी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहे और न ही आम जनता से उन्हें कोई सरोकार है।
इससे पहले भारी संख्या में पहुंचे कांग्रेस जन और विरोध की स्थिति को देखते हुए जलदाय विभाग के मुख्य कार्यालय पर पुलिस का विशेष बंदोबस्त किया गया। करीब एक घंटा चले इस विरोध प्रदर्शन में शहर कांग्रेस के कई पदाधिकारी सहित महिला कांग्रेस की कई सदस्य और पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।



