करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा स्थित कोटिया कॉलोनी में घर में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल भी इसकी चपेट में आ गई। घटना के दौरान पूरे घर में धुआं भर गया, जिससे परिवार के सदस्यों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्कूटी मालिक शिव कुमार पंडित ने बताया कि उन्होंने 2023-24 में करीब 60 हजार रुपए में इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। पिछले वर्ष बैटरी खराब होने पर 22 हजार रुपए खर्च कर नई बैटरी लगवाई गई थी।
बीती रात स्कूटी को चार्ज करने के बाद चार्जर हटा दिया गया था। आधी रात को धुआं महसूस होने पर जब वह नीचे पहुंचे तो स्कूटी में आग लगी हुई थी। आग बुझाने का प्रयास करते समय बैटरी में धमाका हुआ, जिससे उनका हाथ भी झुलस गया।
उन्होंने बताया कि परिवार के सात सदस्य ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे, जबकि उनकी दादी दर्शन देवी नीचे कमरे में थीं। सभी को तुरंत बाहर निकाला गया। धुएं के कारण दादी की तबीयत भी बिगड़ गई।
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक स्कूटी पूरी तरह जल चुकी थी और पास खड़ी करीब 1.25 लाख रुपए की स्पोर्ट्स बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जांच में आग का कारण बैटरी में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फायर विभाग मामले की जांच कर रहा है।



