सहारनपुर। परिवार की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह करने वाले एक युवक की युवती के परिजनों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर युवती की मां, बहन, दो भाइयों, भांजे और मामा समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं, हालांकि अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
पुलिस के अनुसार शामली जिले के थाना बाबरी क्षेत्र के खेड़ी बैरागी गांव निवासी शिव कुमार (27) का अपने ही समुदाय की पड़ोसी युवती आकांक्षा (24) से प्रेम संबंध था। दोनों ने परिजनों की असहमति के बावजूद इसी वर्ष 27 फरवरी को घर से भागकर आर्य समाज मंदिर में विवाह कर लिया था।
पुलिस उपाधीक्षक रूचि गुप्ता ने बताया कि विवाह के बाद से ही आकांक्षा के परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे और दंपति को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। सुरक्षा की दृष्टि से दोनों मुजफ्फरनगर में आकांक्षा के मामा के यहां रह रहे थे। आकांक्षा ने पूर्व में पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा की मांग भी की थी।
मृतक के पिता सलेम चंद की ओर से थाना रामपुर मनिहारान में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आकांक्षा की मां बिमला, बहन मौसम, सगे भाई मंजीत और परमजीत, बहन के बेटे आदित्य राज, मामा करमवीर तथा एक अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया गया है।
एफआईआर के अनुसार मंगलवार को आकांक्षा पुलिस भर्ती परीक्षा देकर अपने पति शिव कुमार के साथ स्कॉर्पियो वाहन से लौट रही थी। इसी दौरान रामपुर मनिहारान क्षेत्र में आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आकांक्षा के परिजनों ने शिव कुमार को घेर लिया और उसके सिर में तमंचे से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक घटना के समय आरोपियों ने आकांक्षा को अपने साथ ले जाने का भी प्रयास किया, लेकिन उसने जाने से इंकार कर दिया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी कहना है कि हमलावरों का निशाना आकांक्षा थी, लेकिन शिव कुमार उसे बचाने के लिए सामने आ गया और गोली का शिकार हो गया। पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।
पुलिस उपाधीक्षक रूचि गुप्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) अभिषेक सिंह ने बताया कि कई थानों की पुलिस, स्वाट टीम और एसओजी को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। शामली स्थित आरोपियों के आवास पर ताला लगा मिला है और सभी नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने शिव कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। बुधवार को खेड़ी बैरागी गांव में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव के लोगों के अनुसार शिव कुमार और आकांक्षा पड़ोसी थे और लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे। परिवारों की असहमति के बावजूद दोनों ने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया था। यह घटना एक बार फिर तथाकथित ऑनर किलिंग जैसी घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है, जहां पारिवारिक असहमति हिंसक रूप धारण कर लेती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।



