ओमान तट पर पोत पर हमले में 3 भारतीय लापता, भारत ने की कड़ी निन्दा

0

नई दिल्ली। भारत ने ओमान तट के निकट बुधवार को एक वाणिज्यिक पोत पर हमले की कड़ी निंदा की है जिसमें तीन भारतीय नाविक लापता बताए गए हैं जबकि 21 अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया है।

विदेश मंत्रालय ने आज एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि जिस वाणिज्यिक पोत पर हमला हुआ है उसका नाम सेत्तेबेलो है और इसके चालक दल में 24 भारतीय शामिल थे। इनमें से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है लेकिन तीन नाविक लापता है। मंत्रालय ने कहा है कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर निकटता से नज़र रखे हुए है और खोज एवं बचाव अभियान में ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत आज तड़के ओमान के तट के निकट वाणिज्यिक पोत सेत्तेबेलो पर हुए हमले की निंदा करते हैं। पोत पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से अब तक 21 भारतीयों को बचा लिया गया है और तीन भारतीयों के लापता होने की सूचना है। ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर निकटता से नज़र रखे हुए है और खोज एवं बचाव अभियान में ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।

भारत ने कहा है कि क्षेत्र में नौवहन पर हमलों की लगातार हो रही घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं और क्षेत्र में जारी संघर्ष का प्रत्यक्ष परिणाम हैं। वक्तव्य में कहा गया है कि हम तनाव को तत्काल कम करने तथा कूटनीतिक समाधान के लिए जारी वार्ताओं को शीघ्र निष्कर्ष तक पहुंचाने की अपनी अपील दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौट सके। क्षेत्र में वाणिज्यिक नौवहन और नागरिक अवसंरचना को निशाना बनाना बंद होना चाहिए, तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में स्वतंत्र और निर्बाध नौवहन एवं व्यापार को यथाशीघ्र बहाल किया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि ओमान तट पर कुछ दिन पहले भी एक पोत पर हमला किया गया था लेकिन उस पर सवार चालक दल के सभी 24 भारतीय सदस्यों को बचा लिया गया था।