अजमेर में तीन दिवसीय निःशुल्क योग, प्राणायाम एवं ध्यान शिविर 16 से

0

अजमेर। हार्टफुलनेस संस्थान एवं श्री रामचन्द्र मिशन, अजमेर के तत्वावधान में 16 से 18 जून 2026 तक तीन दिवसीय निःशुल्क योग, प्राणायाम एवं ध्यान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से 7 बजे तक धोला भाटा रोड स्थित मन्ना हवेली में आयोजित होगा।

शिविर का उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तनावमुक्त जीवन जीने तथा मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है। शिविर में हार्टफुलनेस मेडिटेशन, योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को आंतरिक शांति, सकारात्मक सोच और भावनात्मक संतुलन विकसित करने के उपाय भी बताए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार यह शिविर सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए खुला है तथा विशेष रूप से बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी रहेगा। नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।

शिविर में भाग लेने वाले प्रतिभागियों से अपना योगा मैट अथवा दरी साथ लाने का आग्रह किया गया है।

अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए अंकुर तिलक गहलोत (9352947875), लाल सेन (9269339300) तथा राजू जौनवाल (9829159242) से संपर्क किया जा सकता है।

आयोजकों ने अजमेरवासियों से इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाकर स्वस्थ शरीर, शांत मन और आनंदमय जीवन की दिशा में कदम बढ़ाने का आह्वान किया है।