छत्तीसगढ़ : झाड़फूंक के बहाने युवती से रेप, प्रयागराज का कथित तांत्रिक अरेस्ट

0

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में झाड़फूंक के नाम पर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करने वाले एक कथित तांत्रिक को युवती से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार गांधीनगर थाना क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि 14 जून की सुबह लगभग आठ से नौ बजे के बीच अमित कुमार गोस्वामी नामक व्यक्ति उनकी कॉलोनी में पहुंचा। उसने स्वयं को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) का निवासी बताते हुए झाड़फूंक और कथित आध्यात्मिक उपायों के माध्यम से लोगों की परेशानियां दूर करने का दावा किया।

शिकायत के मुताबिक आरोपी ने युवती को झाड़फूंक कराने पर अच्छा रिश्ता आने तथा नौकरी लगने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने युवती को स्नान कर आने के लिए कहा और झाड़फूंक की प्रक्रिया शुरू की।

आरोप है कि आरोपी ने युवती की मां को एक मुट्ठी चावल देकर हनुमान मंदिर भेजा तथा 151 चावल के दाने चढ़ाने को कहा। वहीं युवती की बहन को भी कमरे से बाहर भेज दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे सम्मोहित कर उसके साथ दुष्कर्म किया और वहां से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने बस स्टैंड, विभिन्न कॉलोनियों तथा आसपास के इलाकों में तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान सुभाषनगर क्षेत्र में संदिग्ध हुलिये का एक युवक मिला, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में उसकी पहचान अमित कुमार गोस्वामी (29) निवासी ग्राम सेमरा, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से एक झोला भी बरामद किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के पाउडर तथा झाड़फूंक में उपयोग किए जाने वाले सामान रखे हुए थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अपने रिश्तेदार मनोज के घर ठहरा हुआ था और झाड़फूंक के बहाने लोगों से पैसे ऐंठने का काम करता था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।