मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आबूराज प्रवास को लेकर सिरोही भाजपा तैयारियों में जुटी

27

कार्यकर्ताओं के आवागमन, स्वागत एवं विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां तय
स्वरूपगंज। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सिरोही जिले के दो दिवसीय प्रवास एवं आबूराज में आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तरीय बैठक शुक्रवार को स्वरूपगंज स्थित बालाजी भवन में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

भाजपा जिला प्रवक्ता लोकेश खंडेलवाल ने बताया कि बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के 20 एवं 21 जून के प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए दायित्ववान पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने सभी पदाधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 20 जून की शाम माउंट आबू पहुंचेंगे, जहां वे शाम 7 बजे आयोजित संत समागम आबूराज कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करेंगे। वहीं 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं को योग, स्वस्थ जीवनशैली एवं निरोगी जीवन के महत्व का संदेश देंगे।

बैठक में विधायक समाराम गरासिया, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट वीरेंद्रसिंह चौहान, प्रधान नितिन बंसल एवं पूर्व विधायक जगसीराम कोली सहित वरिष्ठ नेताओं ने अपने सुझाव एवं विचार व्यक्त किए। सभी कार्यकर्ताओं से प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर स्वागत, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, वाहन व्यवस्था एवं कार्यकर्ताओं के आवागमन संबंधी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने का आह्वान किया गया।

बैठक में संगठनात्मक दृष्टि से व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं में व्याप्त उत्साह पर संतोष व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि संगठन एवं प्रशासन के समन्वित प्रयासों से दोनों कार्यक्रम ऐतिहासिक, भव्य एवं सफल होंगे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री नरपतसिंह उंदरा ने किया।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी, जिला महामंत्री गणपतसिंह राठौड़, रामलाल रनोरा, बाबूभाई पटेल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमेंद्रसिंह, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष रतन गरासिया, गोपाल माली, ताराराम माली, प्रकाश रावल, दुर्गाराम गरासिया, लोकेश खंडेलवाल, महिपालसिंह चारण, पवन राठौड़, जितेंद्र प्रजापत, दीपेंद्रसिंह पीथापुरा, सतीश सेठी, अजय वाला, बाबूसिंह मंकरोड़ा, हिम्मत छिपा सहित बड़ी संख्या में मंडल अध्यक्ष, प्रभारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।