रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले से लगे तिल्दा क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान एक 10वीं कक्षा के छात्र की चाकू लगने से मौत हो गई, जबकि घटना में घायल दूसरा छात्र अस्पताल में भर्ती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव निवासी अमन यदु (16) और गांव के ही 15 वर्षीय छात्र के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। दोनों सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में एक साथ पढ़ते थे तथा हाल ही में 10वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी। बताया गया कि 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने अमन को मोटा कहकर चिढ़ाया था, जिसके बाद दोनों के संबंधों में तनाव आ गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों छात्र घर लौट रहे थे। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर उनके बीच कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि अमन ने अपने साथ लाए सब्जी काटने वाले चाकू से दूसरे छात्र के गले पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के दौरान घायल छात्र ने अमन के हाथ से चाकू छीन लिया और उस पर पलटवार कर दिया। चाकू के वार अमन के सीने और गर्दन पर लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। उसे बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन उसकी मृत्यु हो गई।
गौरतलब है कि दोनों छात्रों के घरों के बीच लगभग 400 मीटर की दूरी है और वे पहले मित्र भी रहे हैं। घटना में घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर तिल्दा नेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की विवेचना जारी है।



