ग्रामीण अधिक से अधिक संख्या में ग्रामीण सेवा शिविरों का उठाएं लाभ : भजनलाल शर्मा

2

पाली। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को पाली के सुमेरपुर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नेतरा में ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया और शिविर में लगी विभिन्न विभागों की स्टॉल्स का अवलोकन कर लाभार्थियों से संवाद किया तथा शिविर का फीडबैक लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन को राहत पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर संचालित किए जा रहे हैं। इनमें किसान, मजदूर, गरीब, दिव्यांग, महिला सहित प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इन शिविरों में दस्तावेज शुद्धीकरण के कार्य होने से वंचितों को योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि शिविरों में नाम शुद्धीकरण, नामांतरण, रास्तों एवं एनएफएसए के प्रकरणों का निस्तारण, पेंशन सत्यापन जैसे विभिन्न काम हो रहे हैं। इसी प्रकार किसानों को मृदा परीक्षण, बीज मिनीकिट, फलदार वृक्षों की पौध उपलब्ध करवाकर लाभान्वित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसी प्रकार पशुपालक भी पशु स्वास्थ्य जांच एवं उपचार का फायदा उठाएं। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि जागरूकता के साथ ग्रामीण इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

शर्मा ने नाम शुद्धीकरण के प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि एक किसान का नाम जमाबंदी में ओट सिंह दर्ज था जबकि शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेजों में नाम अर्जुन सिंह था। इस मामूली अशुद्धि के कारण उन्हें किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पा रहा था। इस शिविर के माध्यम से नाम का शुद्धीकरण हुआ है जिससे अब उन्हें किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा।

ग्रामीण सेवा शिविर में मुख्यमंत्री ने हजाराम, भैराराम, मांगीलाल को विमुक्त, घुमन्तु, अर्द्धघुमन्तु श्रेणी में पट्टा वितरण, अजु देवी को पुराने घर का विनियमितीकरण तथा कपूराराम को रियायती दर पर पट्टा आवंटन के प्रमाण-पत्र सौंपे। इस दौरान पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, सांसद मदन राठौड़, विधायक पुष्पेन्द्र सिंह एवं केसाराम चौधरी, वरिष्ठ अधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।