चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के सभी सरकारी अस्पताल जल्द ही निजी अस्पतालों से भी अधिक सुविधा संपन्न होंगे। राज्य सरकार नागरिक अस्पतालों की सुविधाओं को बड़े स्तर पर विकसित कर रही है, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
सैनी ने रविवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में स्वास्थ्य सुविधाओं, सरकारी अस्पतालों के आधुनिकीकरण तथा मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए 12 जिलों—अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, हिसार, कैथल, महेंद्रगढ़, पलवल, पंचकूला, रेवाड़ी, सोनीपत और नूंह—के जिला अस्पतालों में चल रहे नवीनीकरण कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में बढ़ी सुविधाओं के कारण आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2024-25 में 8.83 प्रतिशत मरीजों का इलाज सरकारी अस्पतालों में हुआ, जबकि 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 32 प्रतिशत हो गया। इस अवधि में सरकार ने 126 करोड़ रुपये के बिलों का भुगतान किया।
उन्होंने सिविल सर्जनों की वित्तीय शक्ति एक लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने के निर्देश दिए ताकि विकास कार्यों में देरी न हो। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे सहित करीब 140 प्रकार के परीक्षणों की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही सभी लैब को हाईटेक बनाने, अस्पतालों की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, एसी तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों की छतों पर सोलर पैनल लगाने तथा उन्हें नेट मीटरिंग के माध्यम से ग्रिड से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसरों में पौधारोपण, पेस्ट कंट्रोल और जच्चा-बच्चा वार्डों के सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि पंचकूला, रेवाड़ी, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, पानीपत, करनाल, नारनौल और गुरुग्राम के सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल में महिलाओं की स्तन कैंसर जांच के लिए मैमोग्राफी मशीनें स्थापित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कार्यरत और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों की समीक्षा करते हुए सिरसा में कैंसर उपचार सुविधा विकसित करने तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचाने पर बल दिया।



