गुरदासपुर। पंजाब के गुरदासपुर जिले में अप्पर बारी दोआब (यूबीडीसी) नहर में आई बड़ी टूट के कारण आसपास के गांवों, रिहायशी इलाकों और कृषि भूमि में पानी भर गया, जिससे बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। घटना के बाद किसानों और स्थानीय निवासियों में भारी चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सठियाली हेडवर्क्स के निकट अप्पर बारी दोआब नहर में रविवार को रात के समय करीब 40 फुट से अधिक चौड़ी दरार पड़ गयी, जिससे तेज बहाव के साथ पानी आसपास के गांवों, मकानों और खेतों में घुस गया। पानी श्री हरगोबिंदपुर-गुरदासपुर मार्ग तक फैल गया और कई रिहायशी क्षेत्रों को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब तीन बजे नहर किनारे स्थित विश्राम गृह में रह रहे प्रवासी मजदूरों की नींद तब खुली, जब उनके कमरों में अचानक पानी घुसने लगा। इसके बाद पता चला कि नहर टूट चुकी है और पानी तेजी से आसपास फैल रहा है।
इस घटना से कई परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। प्रभावित ग्रामीणों ने बताया कि घरों में रखा गेहूं, घरेलू सामान और अन्य मूल्यवान वस्तुएं पानी में डूब गयीं। खेतों में खड़ी फसलें भी जलमग्न हो गई हैं। नुकसान का वास्तविक आकलन अभी किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। विभाग ने क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत शुरू करने के लिए भारी मशीनरी तैनात की है, हालांकि तेज जल प्रवाह के कारण कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं।
स्थानीय लोगों और किसानों ने सरकार से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे करवाने, नुकसान का आकलन करने तथा प्रभावित परिवारों और किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नहरों और सिंचाई ढांचे को मजबूत करने की भी अपील की गई है।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य कर नहरी पानी की आपूर्ति जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



