पुणे के उद्योगपति के बेटे की मौत की वजह ट्रेकिंग के दौरान गिरना नहीं, बल्कि मंगेतर के प्रेमी ने दिया था धक्का

0

पुणे। पुणे के प्रमुख उद्योगपति के बेटे केतन अग्रवाल की ट्रेकिंग के दौरान खाई में गिरने से मौत के मामले में एक अहम खुलासा हुआ है जिसमें यह उभर कर सामने आया है कि उसकी मौत गिरने से नहीं बल्कि खाई में धकेलने के कारण हुई थी।

पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि लोहगढ़ किले में शहर के प्रमुख उद्योगपति के बेटे केतन अग्रवाल की मौत कथित तौर पर एक सुनियोजित हत्या थी। उसे उसकी मंगेतर के प्रेमी ने गहरी खाई में धक्का दिया था और इस हत्याकांड में उसकी मंगेतर भी शामिल है।

केतन अग्रवाल के बारे में पहले खबर आई थी कि लोहगढ़ किले में ट्रेकिंग के दौरान वह तस्वीरें खिंचवा रहे थे और अचानक वह एक खाई में गिर गए। यह घटना 18 जून को हुई थी। इस दिन उनकी मंगेतर का जन्मदिन भी था।

शुरुआत में पुलिस अधिकारियों का मानना था कि तस्वीरें लेते समय केतन का पैर दुर्घटनावश फिसल गया और वह नीचे गिर गए। लोनावला ग्रामीण पुलिस को इस मामले की जांच में ऐसे सबूत मिले हैं, जो संकेत देते हैं कि इस घटना को जानबूझकर अंजाम दिया गया था।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि केतन को कथित तौर पर उसकी मंगेतर के एक दोस्त ने खाई में धकेला था। मंगेतर का दोस्त उसका प्रेमी माना जा रहा है। पुलिस अब मामले की जांच इस दृष्टि से कर रही है कि केतन की मंगेतर इस साजिश में सीधे तौर पर शामिल थी या नहीं। केतन की मंगेतर की पहचान सिया गोयल के रूप में हुई है। अधिकारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस अपराध को अंजाम देने में अन्य लोगों की मदद भी ली गयी थी।

सिया गोयल ने केतन के खाई में गिरने के बाद पुलिस को यह बताया था कि एक फोटो सेशन के दौरान वह खाई में गिर गए थे। बचाव दल ने तीन घंटे तक अभियान चलाकर केतन का शव बरामद किया था। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन के डेटा, कॉल विवरण और मौके पर मौजूद लोगों के बयानों का विश्लेषण किया।

जांच के निष्कर्षों ने केतन की मौत के हालात को लेकर संदेह पैदा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने सिया गोयल और उसके प्रेमी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिया गोयल नहीं चाहती थी कि उसका विवाह केतन अग्रवाल से हो। वह घरवालों द्वारा तय किए विवाह के खिलाफ थी। जांचकर्ताओं का मानना है कि इसी वजह से उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची।

लोहगढ़ किले में ट्रेकिंग करने और जन्मदिन मनाने के बहाने केतन को कथित तौर पर उस स्थान पर लाया गया। वहां उसे एक गहरी खाई में धकेल दिया गया। ऊंचाई से गिरने की वजह से केतन की मौत हो गई। मामले की जांच जारी है। पुलिस इस पूरी साजिश का पता लगाने तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।