मोदी 4 जुलाई को राष्ट्र को समर्पित करेंगे पचपदरा रिफाइनरी: भजनलाल

53

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार जुलाई को बालोतरा के पचपदरा में रिफाइनरी को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर प्रधानमंत्री की इस प्रस्तावित यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक ली और इस आयोजन को लेकर निर्देश दिए। शर्मा ने बताया कि मोदी इस दौरान पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन एवं जयपुर मेट्रो द्वितीय चरण के शिलान्यास के साथ ही प्रदेशभर में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की सौगात देंगे।

उन्होंने इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं एचआरआरएल प्रबंधन से रिफाइनरी की प्रगति एवं संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश प्रदान किए।

उन्होंने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी से राजस्थान देश की ऊर्जा सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बनेगा और यह परियोजना प्रदेश का ग्रोथ इंजन साबित होगी। मुख्यमंत्री को एचआरआरएल प्रबंधन ने पचपदरा रिफाइनरी से निकल रहे विभिन्न उत्पादों के नमूने भेंट किए। इसके साथ ही उन्होंने रिफाइनरी का मॉडल और इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की ऐतिहासिक यात्रा को दर्शाती हुई बुकलेट भी प्रस्तुत की।

इस दौरान एचआरआरएल प्रबंधन ने मुख्यमंत्री की निगरानी की सराहना की। उन्होंने कहा कि एचआरआरएल एवं राज्य सरकार के अधिकारियों ने टीम भावना से निरंतर कार्य किया है। मुख्यमंत्री के सतत् मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के फलस्वरूप कुछ ही समय के अंतराल में रिफाइनरी संचालन के लिए पुनः तैयार हो गई है। आधा दर्जन से अधिक यूनिट्स कार्य कर रही हैं और उत्पादन प्रारंभ हो चुका है।

इस अवसर पर मुख्य सचिव वी श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त वैभव गालरिया एवं एचआरआरएल प्रबंधन तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले मोदी रिफाइनरी का उद्घाटन गत 21 अप्रैल को करने वाले थे लेकिन एक दिन पहले रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में अचानक आग लग जाने से कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था।