खरगोन। मध्यप्रदेश के इंदौर से लापता एक एरिया सेल्स मैनेजर का शव आज बुधवार को खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र में नर्मदा नदी से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान इंदौर के राजेंद्र नगर निवासी 50 वर्षीय निशांत जोशी के रूप में हुई है। वह एक पेट्रोकेमिकल कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और सोमवार शाम से लापता थे।
मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि निशांत जोशी की कंपनी की कार सोमवार रात नर्मदा पुल पर खड़ी मिली थी। वाहन की तलाशी के दौरान शराब की एक बोतल, दो बैग तथा एक हस्तलिखित नोट बरामद हुआ। इसके अलावा एक फाइल भी मिली, जिसमें उनके मानसिक रोग विशेषज्ञ से उपचाररत होने का उल्लेख था।
पुलिस ने प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर नर्मदा नदी में तलाश अभियान शुरू कराया था। एसडीआरएफ की टीम ने मंगलवार को खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार दोपहर गांधीनगर क्षेत्र के समीप नर्मदा नदी में शव मिलने पर परिजनों ने उसकी पहचान निशांत जोशी के रूप में की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है तथा मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद हो सकेगा।



