जामताड़ा : शादी समारोह में वज्रपात का कहर, 2 की मौत, 2 की हालत गंभीर

0

जामताड़ा। झारखंड के जामताड़ा जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र के चरकादाह गांव में शाम शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

शादी समारोह के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से 49 वर्षीय विनय सोरेन और 38 वर्षीय विश्वकर्मा टुडू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय शिवशन टूटू और 19 वर्षीय राकेश मुर्मू गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि गांव में एक घर में बुधवार को शादी का कार्यक्रम चल रहा था। देर शाम अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरा-तफरी के बीच वज्रपात हो गई, जिसकी चपेट में 4 लोग आ गए।

चारों को तुरंत जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार शिवशन टूटू और राकेश मुर्मू की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है।

बिंदापाथर थाना प्रभारी विनय यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया गया। वहीं दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद आज परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया। पूरे चरकादाह गांव में शोक की लहर है।