हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार देर रात एक पिकअप वाहन से चंडीगढ़ निर्मित करीब 36 लाख रुपए मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद की।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने शुक्रवार को बताया कि भारतमाला मार्ग पर नगराना टोल नाका के नजदीक पुलिस दल ने पिकअप वाहन को रुकवाकर उसकी तलाशी ली तो उसमें रॉयल चैलेंज व्हिस्की के 118 कार्टून बरामद हुए। इनमें 9504 क्वार्टर भरे थे। इस शराब की अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपए बतायी गयी है।
उन्होंने बताया कि पिकअप चालक अनिल बिश्नोई (25) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ उसने बताया कि चंडीगढ़ के समीप खरड़ में कुछ लोगों ने पिकअप गाड़ी को अज्ञात स्थान पर ले जाकर उसमें शराब की पेटियां भरकर वापस उसे लाकर दी गई थी। सांचोर-जालोर पहुंचने पर उसे निर्देश मिलने थे। आगे यह शराब गुजरात ले जानी थी।



