अलवर के टहला में बालिका से रेप करने का आरोपी टैक्सी चालक अरेस्ट

0

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के टहला थाना क्षेत्र में एक बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार लिया है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने शुक्रवार को अलवर में पत्रकार वार्ता में बताया कि 24 जून को बालिका के अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के कई दल गठित किए गए।

पुलिस दलों ने लगातार 24 घंटे तक बिना रुके कार्रवाई करते हुए करीब 220 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान राहुल कुमार मीना (27) निवासी करनावर, थाना बसवा, जिला दौसा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पकड़ने के दौरान वह भागने की कोशिश में गिर पड़ा, जिससे उसके दोनों पैरों में चोटें आईं।

मुख्य आरोपी को शरण देने के आरोप में रिंकू मीना (23) निवासी करनावर (दंड की पाल), थाना बसवा, जिला दौसा को भी गिरफ्तार किया गया है। चौधरी ने बताया कि आरोपी घटना के दिन पहले पास में ही नारायणी माता धाम में मंदिर के दर्शन करने गया। उसके बाद उसने शराब पी। शराब पीने के बाद वह इस गांव में गया, जहां उसने इस बालिका को अकेला देखा और उसका अपहरण करके ले गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को इस गांव के रास्तों की जानकारी थी।

उन्होंने बताया कि उसकी आपराधिक गतिविधियों के कारण उसकी पत्नी उसके पास नहीं रहती है। पीड़िता के घर पर कैमरे लगे हुए थे, जिसमें उसकी फोटो आ गई थी। उन्होंने बताया कि ओला कैब कंपनी के अधिकारियों को लिखा जाएगा और यह मामला संवेदनशील है। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

चौधरी ने बताया कि सबसे पहले इसके साथी को पकड़ा गया। उसे हिरासत में लेने के बाद इसको जयपुर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। यह उदयपुर भागने की फिराक में था। दोनों मुख्य आरोपी और उसका सहयोगी जयपुर में ही ओला की कैब चलाते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में पीड़ित बालिका का स्वास्थ्य बिल्कुल ठीक है। प्राथमिक उपचार के बाद उसको छुट्टी दे दी गयी थी। फिलहाल वह घर पर है।

उन्होंने बताया कि इस मामले को केस ऑफिसर स्कीम में लिया जाएगा और त्वरित सुनवाई न्यायालय के माध्यम से जल्दी से जल्दी सजा दिलाने के प्रयास किये जाएंगे। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने खुलासा किया कि वारदात में जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया, वह चोरी की थी। पुलिस अब मोटर साइकिल चोरी के मामले में भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी राहुल मीना के खिलाफ पहले से यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम, चोरी सहित कुल चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। सहयोगी रिंकू मीना के खिलाफ भी चोरी के चार मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों का अन्य जिलों के थानों से भी आपराधिक रिकॉर्ड मंगवाया जा रहा है।