बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के टिकैतनगर क्षेत्र में गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि काे एक मौलवी तांत्रिक ने एक व्यक्ति की जीभ काटकर हत्या कर दी। परिवारजन ने तंत्र-मंत्र करने वाले मौलवी पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना टिकैतनगर के सिहोरिया गांव निवासी मृतक के भाई दुखीराम ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्य गांव में ताजिया देखने गए थे। घर पर उसका भाई सुकई (40) व एक छोटे बच्चे के साथ अकेला था।
भाई ने आरोप लगाया है कि गांव निवासी मैनुद्दीन ने फोन कर सुकई को घर के बाहर बुलाया, जहां पहले से मौजूद खजुरी गांव के तंत्र-मंत्र करने वाले मौलवी गुल्ले हिदायत रसूल ने मांस काटने वाले चापर से उसकी जीभ काट दी।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित फरार हो गया। परिवारजन के पहुंचने तक अत्यधिक रक्तस्राव के कारण सुकई की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।



