अलवर में बिजली विभाग में कार्यरत निजी कर्मचारी की करंट लगने से मौत

0

अलवर। राजस्थान में अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में ढाडोली गांव में शुक्रवार को एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई।

घटना के बाद शनिवार को सुबह मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सभी लोग जिला अस्पताल पहुंचे और बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई, मुआवजा देने और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। तीन घंटे चले घटनाक्रम के बाद आश्वासन उपरांत धरना समाप्त किया गया।

परिजनों ने बताया कि हनीफ खान (229) बिजली विभाग में निजी कर्मचारी के रूप में कार्य करता था। आरोप है कि एक लाइनमेन ने उसे यह कहकर बिजली के खंभे पर चढ़ा दिया कि लाइन पूरी तरह बंद है और वह सुरक्षित रूप से काम कर सकता है।

परिजनों का कहना है कि जैसे ही हनीफ खान खंभे पर चढ़कर कार्य करने लगा, अचानक लाइन चालू कर दी गई, जिससे उसे तेज करंट लगा। जिससे वह खंभे से दूर जा गिरा। सूत्रों ने बताया करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।