बीकानेर : छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही कक्षा की 10 पट्टियां गिरीं

0

बीकानेर। राजस्थान में बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में तोलियासर गांव स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के तुरंत बाद सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज स्कूल खुलने के पहले दिन स्टाफ कक्षाओं के ताले खोल रहा था। इसी दौरान कक्षा संख्या सात में छत की 10 पट्टियां पूरी तरह टूटकर गिर गईं। मलबा टेबलों और कुर्सियों पर गिरा, जिससे फर्नीचर भी क्षतिग्रस्त हो गया। ऊपर का प्लास्टर किसी तरह टिका रहा, लेकिन नीचे की स्थिति बेहद खतरनाक थी।

स्कूल के प्रधानाचार्य ने तुरंत ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल एक कक्षा ही नहीं, बल्कि स्कूल के सभी कक्ष जर्जर हालत में हैं। ऐसी स्थिति में बच्चों को अंदर बिठाकर पढ़ाई कराना जोखिम भरा है। इसलिए प्रबंधन ने फैसला लिया है कि फिलहाल पढ़ाई खुले में पेड़ों की छाया के नीचे की जाएगी।

उधर, सरपंच प्रतिनिधि गिरधारी सिंह के अनुसार 22 जून को ग्राम सेवा शिविर में स्कूल भवन की जर्जर स्थिति का मुद्दा पहले ही उठाया गया था। इसके बाद सार्वजनिक निर्माण विभाग के दल ने निरीक्षण किया और भवन को जर्जर घोषित कर दिया था। फिर भी सुधार नहीं हुआ।

सरपंच प्रतिनिधि ने बताया कि अब अन्य कमरों की पट्टियां भी जगह छोड़ चुकी हैं, उनमें बड़ी-बड़ी दरारें हैं। ऐसी हालत में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सरकार एवं शिक्षा विभाग से नए भवन के निर्माण की मांग की।