हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के फेफाना थाना क्षेत्र में एक किशोरी ने सगे भाई के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना 26 जून की शाम की है। आरोपी भाई अपनी नाबालिग बहन को ननिहाल गांव से मोटरसाइकिल पर अपने गांव ला रहा था। गांव से करीब दो किलोमीटर पहले एक सुनसान जगह पर उसने मोटरसाइकिल रोकी और डरा-धमकाकर बहन के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़ित किशोरी के अनुसार घटना के बाद आरोपी भाई ने उसे घरवालों को कुछ बताने की कड़ी धमकी दी। डर के मारे किशोरी ने घटना के बारे में तुरंत किसी को नहीं बताया।
रविवार सुबह पीड़ित किशोरी ने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई। माता-पिता तुरंत पुत्री को लेकर फेफाना थाने पहुंचे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तत्काल मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया। आज उसके विस्तृत बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपी भाई बालिग है जिसे मामला दर्ज होते ही पकड़ लिया गया। उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है।
गुरुद्वारा का दान पात्र चोरी
हनुमानगढ़ जिले के टाऊन थाना क्षेत्र में एक गुरुद्वारा का दान पात्र चोरी हो गया, जिसमें करीब डेढ़ लाख का चढ़ावा था। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि ढालिया गांव में गुरुद्वारा की प्रबंधक समिति के प्रधान हिम्मत सिंह कंबोज सिख (57) द्वारा की गई शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि 26 जून की रात करीब ढाई बजे गुरुद्वारा की गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने से मोटरसाइकिल पर घूम रहे दो युवकों पर चोरी करने का शक है। गुरुद्वारा के प्रधान ने चार व्यक्तियों पर चोरी करने का शक जाहिर किया है।
चोर दानपात्र उठाकर गांव से करीब दो किलोमीटर दूर ले गए। वहां दानपात्र तोड़कर चढ़ावा राशि निकाल ली। अब तक चोरों का सुराग नहीं लगा। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।



