मणिपुर में सुरक्षा बलों ने हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया, ब्राउन शुगर के साथ दो अरेस्ट

0

इंफाल। मणिपुर में सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस ने सोमवार को अलग-अलग अभियानों में बिष्णुपुर और जिरीबाम जिलों से हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया। इसके अलावा सेनापति जिले में संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मणिपुर पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पहले अभियान में सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थाना क्षेत्र के फुबाला पैटन इलाके के निकट लोकतक झील में फुमदी (तैरते जैविक पदार्थ) के बीच छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और युद्ध सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया।

बरामद सामग्री में एक आरपीजी लांचर, मैगजीन सहित दो .32 पिस्तौल, दो हैंड ग्रेनेड, दो लाथोड बम, दो आरपीजी ग्रेनेड, एक स्वनिर्मित मोर्टार गोला, एक तोप का गोला, विभिन्न कैलिबर के 15 कारतूस, एक डेटोनेटर, एक .303 एलएमजी मैगजीन, एक एसएलआर मैगजीन, तीन ट्यूब लांचर, तीन बुलेटप्रूफ हेलमेट और एक बुलेटप्रूफ कवर शामिल हैं।

एक अन्य अभियान में मणिपुर पुलिस ने जिरीबाम जिले के जिरीबाम थाना क्षेत्र के चंपानगर के जंगल से हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया। बरामद हथियारों में छह एसएलआर राइफलें, एक एके राइफल, पांच मैगजीन तथा विभिन्न कैलिबर के 625 जीवित कारतूस शामिल हैं।

इस बीच, सेनापति थाना क्षेत्र के टी-खुलेन नाका जांच चौकी पर सुरक्षा बलों ने एक ट्रक को रोककर कांगपोकपी जिले के दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कीथेलमानबी गांव निवासी हेलखो किपगेन, जो वाहन चला रहा था, तथा हेंगबुंग गांव निवासी हाटनेइलहिंग किपगेन के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने 42 साबुनदानियों में छिपाकर रखी गई लगभग 530 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर, परिवहन में प्रयुक्त टाटा योद्धा वाहन तथा 5,000 रुपए नकद बरामद किए।