सूरतगढ़ थर्मल विद्युत संयंत्र में गिरने से मजदूर की मौत

1

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के राजियासर थाना क्षेत्र में सूरतगढ़ थर्मल विद्युत संयंत्र में मंगलवार को गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अर्जुन (24) के रूप में हुई है। अर्जुन संयंत्र की यूनिट नंबर दो एवं तीन में एक निजी कंपनी में काम करता था। वह सुबह इसी यूनिट में करीब 15 फुट की ऊंचाई पर काम कर रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह जमीन पर आ गिरा। पुलिस के अनुसार वह सर के बल नीचे पक्के फर्श पर आकर गिरा जिससे उसकी गर्दन टूटकर अलग हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और मौके की कार्रवाई के बाद शव सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे का पता चलने पर कांग्रेस नेता और नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष परसराम भाटिया एवं किसान नेता राकेश बिश्नोई आदि अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से मुआवजे और अन्य सहायता संबंधी बातचीत की।