राम मंदिर में अनियमितता करने वालों को महादंड मिलेगा : धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

0

भोपाल। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने राम मंदिर से जुड़े कथित दान अनियमितता प्रकरण पर कहा कि भगवान राम के धाम में रहकर इस प्रकार का कृत्य करने वालों को महादंड मिलेगा तथा मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

शास्त्री मंगलवार को भोपाल के हबीबगंज क्षेत्र स्थित एक कैंसर उपचार केंद्र के उद्घाटन समारोह में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन परंपरा से जुड़े लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। यह केवल एक मंदिर का नहीं, बल्कि पूरे सनातन समाज के विश्वास का विषय है।

संघ और राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है। जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) और अन्य एजेंसियां कार्य कर रही हैं, इसलिए उन्हें निष्पक्ष रूप से जांच करने दी जानी चाहिए।

मंदिरों के प्रबंधन के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि मंदिरों की व्यवस्था ऐसे लोगों के हाथों में होनी चाहिए, जो सनातन परंपरा और भगवान के प्रति पूर्ण समर्पित हों। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म विरोधी ताकतें ऐसी परिस्थितियां बना रही हैं, जिनसे मंदिरों और संतों पर प्रश्नचिह्न खड़े किए जा रहे हैं।

इंडोनेशिया का उल्लेख करते हुए शास्त्री ने कहा कि वहां अनेक मुस्लिम नागरिक नमाज अदा करने के साथ दीपावली भी मनाते हैं और रामकथा में भी शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न परंपराओं के प्रति सम्मान और सह-अस्तित्व का भाव समाज को मजबूत बनाता है।

पुणे के चर्चित सिया-केतन प्रकरण पर उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराधों का प्रमुख कारण संस्कारों का अभाव है। कानून दंड दे सकता है, लेकिन समाज को सही दिशा संस्कार ही दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रेम करना गलत नहीं है, लेकिन माता-पिता का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि देशहित में जो उचित हो, वही होना चाहिए। वहीं राजनीतिक विषयों पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि उनका विषय धर्मनीति है, राजनीति नहीं।