अलवर : इंस्टाग्राम कमेंट के कारण 4 युवकों ने बुलाकर दोस्त के पेट में घोंपा चाकू

1

अलवर। राजस्थान में अलवर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र मेंं स्थित खुदनपुरी जोहड़ के समीप मंगलवार देर रात इंस्टाग्राम पर हुए विवाद के कारण चार युवकों ने अपने दोस्त पर चाकुओं से हमला करके उसे घायल कर दिया।

थाना प्रभारी गुरुदत्त सैनी ने बुधवार को बताया कि घायल युवक की पहचान धीरज जाटव के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में धीरज ने बताया कि वह मंगलवार शाम दोस्तों के साथ घर से बड़ौदा मेव गया था, जहां से लौटते समय उसके दोस्तों ने उसे फोन करके खुदनपुरी जोहड़ के पास बुलाया। वहां पहले से चार युवक चाकू लेकर खड़े थे। वहां जाते ही एक युवक ने धीरज के पेट में चाकू घोंप दिया। हमले के बाद उसके साथी उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया।

सैनी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि युवक के बीच इंस्टाग्राम पर की गई एक टिप्पणी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में आरोपियों ने धोखे से युवक को बुलाकर उस पर जानलेवा हमला किया। फिलहाल इस मामले में रोहन और हिमांशु को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।