सूरतगढ़ में रेलवे लोको पायलट की करंट लगने से मौत

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्री गंगानगर जिले के सूरतगढ़ में गुरुवार को रेलवे में लोको पायलट की इन्वर्टर की मरम्मत के दौरान अचानक करंट लगने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रोंं ने बताया कि गुरविंदर सिंह (39) भारतीय रेलवे में लोको पायलट के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत था। सुबह इनवर्टर की मरम्मत करते समय उसे करंट का जबरदस्त झटका लगा। इससे वह अचेत हो गया।

उसके परिजन और पड़ोसी उसे तत्काल सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। आगे की जांच कर रही है।

नशे की लत ने परिवार उजाड़ा

श्री गंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में नशे की लत ने एक युवा परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मात्र पांच महीने पहले शादी के बंधन में बंधे 23 वर्षीय राजप्रीत सिंह की नशे का इंजेक्शन लगाते समय मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजप्रीत सिंह लंबे नशे का आदी था। परिजनों के अनुसार वह बुधवार शाम घर से बाहर गया और लौटने के बाद शौचालय की ओर चला गया। काफी देर तक बाहर न आने पर उसकी पत्नी रमनदीप कौर चिंतित होकर शौचालय की ओर गई। उसने शौचालय में देखा तो राजप्रीत अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है।

परिजनों ने तुरंत ग्रामीणों की मदद से उसे अनूपगढ़ के सरकारी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि जब युवक को अस्पताल लाया गया, तब उसकी मौत हो चुकी थी।