जगन गुर्जर के रिश्तेदार कलुआ गुर्जर की करौली जिला जेल में मौत

25

करौली। राजस्थान में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर के एक रिश्तेदार की करौली जिला जेल में संदेहास्पद स्थिति में मौत के बाद गुरुवार को पुलिस एवं प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जेल सूत्रों ने बताया कि धौलपुर जिले के कालीतीर सोने का गुर्जा निवासी कलुआ गुर्जर चंबल के कुख्यात डकैत जगन गुर्जर का दूर का रिश्तेदार था। कलुआ गुर्जर मासलपुर थाने में दर्ज वर्ष 1997 के लूट और राजकार्य में बाधा के एक मामले में आरोपी था और उसे इसी वर्ष 20 फरवरी को करौली जेल लाया गया था।

बुधवार देर रात जेल में अचानक तबीयत खराब होने पर उसे जेल चिकित्सक की सलाह पर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने प्रथम दृष्टया मौत का कारण ह्रदयाघात होना बताया है।

सूत्रों ने बताया कि कैदी कलुआ गुर्जर की संदेहास्पद स्थिति में मौत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते परिजनों का कहना है कि तीन-चार दिन पहले जेल में मुलाकात के दौरान कलुआ पूरी तरह स्वस्थ था, जबकि पुलिस और जेल प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए करौली के पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम भारी पुलिस बल के साथ तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई। पुलिस ने शव शवगृह में रखवाकर परिजनों को सूचित किया। इसके बाद गुरुवार को न्यायिक प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।