बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना में पूर्व में पदस्थ आरक्षक सनत मीरी को एक युवती को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी आरक्षक ने उससे विवाह करने का भरोसा दिया और करीब तीन वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में जब पीड़िता ने शादी की बात की तो आरोपी ने विवाह से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने तखतपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की जांच के उपरांत पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध शारीरिक शोषण से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की। विवेचना के दौरान पर्याप्त आधार मिलने पर आरोपी सनत मीरी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। पीड़िता के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।



