जेपीएससी पीटी-2025 का रिजल्ट जारी, 2,204 अभ्यर्थी सफल; 18 जुलाई से होगी मुख्य परीक्षा

0

रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने देर रात झारखंड हाईकोर्ट के 30 जून 2026 के आदेश के आलोक में अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर परिणाम प्रकाशित किया। पीटी परीक्षा में कुल 2,204 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है, जो अब मुख्य (लिखित) परीक्षा में शामिल होंगे।

आयोग के अनुसार मुख्य परीक्षा 18, 19 और 20 जुलाई 2026 को रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी।

मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 जुलाई से 9 जुलाई 2026 की शाम 5 बजे तक चलेगी। इसके बाद अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ सभी आवश्यक प्रमाण-पत्रों की हार्ड कॉपी 14 जुलाई की शाम 5 बजे तक आयोग कार्यालय में जमा करनी होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन भरने से पहले दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने और अंतिम समय का इंतजार नहीं करने की सलाह दी है।

जेपीएससी ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के दौरान शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण, दिव्यांगता, सरकारी सेवा, पूर्व सैनिक समेत सभी दावों से संबंधित प्रमाण-पत्र ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की त्रुटि या गलत जानकारी पाए जाने पर अभ्यर्थिता रद्द की जा सकती है। साथ ही आयोग ने यह भी कहा है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की टंकण संबंधी त्रुटि सामने आती है तो उसमें संशोधन करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।

पीटी परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ने कहा कि परिणाम जारी होने से खुशी है और अब पूरी तैयारी मुख्य परीक्षा पर केंद्रित रहेगी। तकनीकी सहायता के लिए आयोग ने हेल्पलाइन नंबर 8929883832 और ई-मेल [email protected] जारी किया है। आयोग ने सभी सफल अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है।