सिरोही के निजी छात्रावास की जांच में बच्चों से यौन शोषण की बात आई सामने, पोक्सो में प्रकरण दर्ज

12
सिरोही पुलिस स्टेशन

सबगुरु न्यूज-सिरोही। सिरोही में अभिभावकों को दहलाने वाला आरोप सामने आया है। सिरोही के एक निजी छात्रावास में छह बच्चों से यौन शोषण का आरोप सामने आया है। न्यायिक हस्तक्षेप और प्रारंभिक जांच के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज करवाने के लिए पुलिस को तहरीर भिजवाई।

सिरोही के विधिक स्वभ प्राधिकरण को कुछ दिन पहले एक अज्ञात ईमेल मिला। इसमें सिरोही के एक निजी छात्रावास को लेकर शिकायत थी। शिकायत इतनी गम्भीर थी कि न्यायिक अधिकारी ने बाल कल्याण समिति और पुलिस के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान बच्चों से सामान्य वार्तालाप की। इसी वार्ता में वहां बातों बातों में वहां के घटनाक्रमों की जानकारी ली गई। इसी दौरान सामने आया कि छात्रावास में छह अंतःवासी बच्चो के साथ यौन शोषण हुआ है। इस हॉस्टल में करीब दो से ढाई दर्जन बच्चे अंतःवासियों के रूप में रह रहे हैं।

निरिक्षण के दौरान हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरो के फुटेज और कम्प्यूटर भी अपने अधीन लिए। इन्हें जांच के लिए पुलिस को भेज दिया गया। शुक्रवार शाम को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव की सचिव आन्नद ने इस प्रकरण में सिरोही पुलिस स्टेशन में प्रकरण दर्ज करवा दिया है। पुलिस ने हॉस्टल संचालक और वार्डन के खिलाफ पाक्सो एक्ट समेत बीएनएस की अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके बाद हॉस्टल वार्डन को भी गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में ये सामने आया कि ये हॉस्टल बिना किसी वैध पंजीकरण के चलता था। इसमें स्टाफ समेत अन्य कई जानकारियों के दस्तावेज नहीं मिले। इनमें बच्चों की फीस रसीदें भी नहीं मिली। मुद्दे की गम्भीरता को देखते हुए एएसपी ने विशेष जांच दल गठित किया है। अब ये जांच दल निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया मिली जानकारियों की विस्तृत जांच करेगा। निरीक्षण में ये भी सामने आया कि बच्चे उनके साथ हुए शोषण की जानकारी बाहर नहीं देवें इसके लिए उन्हें खिलौनो को लालच भी दिया जाता था।