भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के उच्चैन थाना क्षेत्र में चक खरका गांव में शनिवार शाम को जमीन के विवाद में दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में एक बुजुर्ग की स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या कर दी गई जबकि दस से अधिक लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि झगड़े में दोनो पक्षों के 10 से अधिक घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान रमेश के रूप में हुई है। उनका शव अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
पुलिस ने बताया झगड़े में बुजुर्ग रमेश की स्कार्पियो की चपेट में आने से मौत हो गई। वारदात की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने गांव में हालत का जायजा लिया। फिलहाल गांव में शांतिपूर्ण तनाव की स्थिति है।
झगड़े में बच्चू पक्ष के मदन लाल, ओमवीर, धर्मवीर, सतपाल, पिस्ता, मैना, शेर सिंह घायल हुए हैं जिन्हें उच्चैन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि नेत्रपाल, हरभान सिंह और सत्तो आरबीएम अस्पताल भर्ती हैं। सुभाष बंजारा पक्ष से रमेश, लोकेंद्र, मिथलेश घायल हुए हैं, जिनका उच्चैन में ही इलाज जारी है।



