बारां में बिजली गिरने से 3 किसानों की मौत, ट्रांसफार्मर भी फुंका

0

बारां। राजस्थान के बारां जिले में रविवार को हुई बारिश के दौरान बिजली गिरने से तीन किसानों की मौत हो गई जबकि एक ट्रांसफार्मर जल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बारिश के दौरान केलवाड़ा थाना क्षेत्र के हथवारी गांव के समीप शनिवार देर शाम खेत पर कार्य कर रहे सौरभ सहरिया (26) बारिश तेज होने पर बचाव के लिए नीम के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया।

इसी दौरान बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हरनावदाशाहाजी थाना क्षेत्र के कचनारिया कलां निवासी दिनेश भील (22) रविवार दोपहर अपनी दादी के साथ खेत पर काम कर रहा था।

अचानक मौसम बिगड़ने के साथ बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में उसकी दादी को भी बिजली का झटका लगा।

उधर, हरनावदाशाहाजी थाना क्षेत्र में ही कमल सिंह मीणा (40) की शनिवार रात खेत में काम करते समय बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली गिरने की घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना दिया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह किया है।

उधर, जिले में मानसून ने रफ्तार पकड़ी। बारां शहर सहित विभिन्न उपखंड क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। कोटा रोड पर बिजली की तेज कड़कड़ाहट के दौरान एक ट्रांसफार्मर भी फुंक गया।

सूत्रों ने बताया कि शाहाबाद में 30 मिमी, बारां में 23 मिमी, अटरू में दो मिमी और किशनगंज में दो मिमी वर्षा दर्ज की गई। बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई और किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई।