जयपुर। राजस्थान में संचालित शुद्ध आहार, मिलावट पर वार अभियान के तहत आयुक्तालय की निरीक्षण टीम ने रविवार को जयपुर के निर्माण नगर क्षेत्र में स्टिंग एनर्जी नामक एनर्जी ड्रिंक के गोदाम पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 हजार 292 बोतलें सीज की।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी शुभमंगला के बताया कि अतिरिक्त आयुक्त भगवतसिंह के नेतृत्व में जयपुर मुख्यालय की सेंट्रल टीम ने मेसर्स अंजली इंटरप्राइजेज, पद्मावती कॉलोनी, निर्माण नगर, जयपुर पर निरीक्षण के दौरान स्टिंग एनर्जी नामक कैफिनेटेड बेवरेज का नमूना लिया गया और वहां अनेक नियम विरुद्ध कमियां पाई गई। उन्होंने बताया कि निरीक्षण में पाया गया कि उत्पाद के लेबल पर भ्रामक प्रचार के दावे अंकित थे।
इसके अलावा गोदाम निरीक्षण में खाद्य अनुज्ञा पत्र मौके पर उपलब्ध नहीं था। फर्श जगह-जगह से टूटा हुआ पाया गया। खाद्य पदार्थ पेलेट्स पर संग्रहीत नहीं थे। खाद्य परिवहन में उपयोग किए जा रहे वाहनों के पास वैध अनुज्ञा पत्र नहीं की अनियमितताएं पाई गई।
डॉ. शुभमंगला ने बताया कि उक्त कमियों के संबंध में पृथक से इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा। इस दौरान लिए गए नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है तथा लेबल पर भ्रामक प्रचार संबंधी उल्लंघनों के संबंध में अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे भ्रामक दावों वाले खाद्य उत्पादों से सतर्क रहें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत विभाग को तत्काल उपलब्ध कराएं।



