जयपुर में ट्रेलर की चपेट में आने फुटपाथ पर खड़े 4 लोगों की मौत, महिला घायल

0

जयपुर। राजस्थान में राजधानी जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ट्रेलर की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब पौने नौ बजे 200 फुट बाईपास स्थित कमला नेहरू नगर में दिल्ली की ओर से अजमेर की तरफ जा रहा पीओपी से भरा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ पर चढ़ गया, और वहां बैठे परिवार को रौंदता हुआ निकल गया।

पुलिस ने बताया कि इससे राजसमंद जिले के जैतपुरा निवासी चंद्रप्रकाश, उसके तीन पुत्रों रमेश (11), रतन (10) और दीपक (8) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंद्रप्रकाश की पत्नी कैलाशी गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में उनके दोनों पैर कट गए। उसे तत्काल एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिए। उधर, हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। चालक वाहन सहित फरार हो गया। सीसीटीवी में कैद ट्रॉला नंबर के आधार पहचान की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि इस जगह मजदूर रहते हैं। काम करवाने के लिए लोग उन्हें लेकर चले जाते हैं। सुबह पांच मजदूर यहां सामान इकट्ठा कर खड़े थे। तभी एक बेकाबू ट्रेलर उनकी ओर चला आया।