कोल्हापुर/सतारा। महाराष्ट्र के सतारा जिले में बुधवार सुबह बिजली की ओवरहेड लाइन के संपर्क में आने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पति पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार जिले की फलटण तहसील के खामगांव गांव में यह घटना तब हुई जब परिवार के घर के बाहर गिरा हुआ एक बिजली का तार उनके संपर्क में आ गया। एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में परिवार के चारों सदस्य बिजली के झटके की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना में सतीश किसान शिंदे (45), पत्नी गंगू शिंदे (40), बेटे सचिन (26) और आरती (24) के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि सबसे पहले पिता सतीश ने गिरे हुए तार को छुआ और उन्हें बिजली का झटका लगा। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य एक-एक करके उनकी मदद के लिए दौड़े और एक एक करके सभी सदस्य बिजली के करंट की चपेट में आ गए।
बाद में पड़ोसियों ने बिजली की आपूर्ति बंद की और अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आकस्मिक मृत्यु की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।



