झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार को एक व्यक्ति ने मां की चाकुओं के वार से हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सार्वजनिक निर्माण विभाग में बाबू के पद पर पदस्थ राजवीर (28) ने अपनी मां प्रभाती देवी (59) पर चाकुओं के कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद अपनी बहन और बहनोई को फोन करके कहा कि उसने मां को मार डाला है।
मौके पर पहुंचे बेटी-दामाद और भतीजों ने लहूलुहान हालत में महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकिसत्कों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके राजवीर को हिरासत में ले लिया।
थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि मूल रूप से गुढ़ा थाना क्षेत्र के सिंगनौर गांव का रहने वाला यह परिवार वर्तमान में नवलगढ़ कृषि उपज मंडी के सामने रह रहा था। आरोपी पुत्र राजवीर शराब पीने का आदी है। उसका अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा है। जिस कारण उसकी पत्नी अपने पांच वर्ष के पुत्र को लेकर पीहर गई हुई है। घर में राजवीर अपनी मां प्रभाती देवी के साथ ही रहता था।
बुधवार को रात करीब 10 बजे राजवीर का अपनी मां प्रभाती देवी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि तैश में आकर राजवीर ने रसोई से चाकू उठाया और मां पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।
हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी और तड़पने लगी। मां को लहूलुहान करने के बाद आरोपी राजवीर ने भागने के बजाय अपनी दूसरे नंबर की बहन और जीजा शिवकुमार को फोन लगाया। उसने वारदात की जानकारी दी।



